चकलुआ/कालाढ़ूँगी: आज भगवती शाह स्पोर्ट क्लब द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें खो-खो के नेशनल स्तर पर प्रतिभाग कर चुके खिलाड़ी बच्चों और क्षेत्र के मीडिया कर्मियों को टी-शर्ट भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों के अभिभावक भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के अध्यक्ष तारा चंद्र ने कोच मनमोहन बसेड़ा, राजेश बिष्ट, नकुल कुमटिया और राहुल कुमटिया को बच्चों को काबिल बनाने के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की। साथ ही उन्होंने सभी बच्चों को नशे से दूर रहने और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
क्लब के लिए यह गर्व की बात है कि वर्ष 2025 में भगवती शाह स्पोर्ट क्लब के 23 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-18 और सीनियर वर्ग में खो-खो नेशनल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर कालाढूंगी कोतवाली से SI कैलाश चंद्र सहित सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू चौहान, कुंदन बसेड़ा, अशोक बिष्ट, सिद्धार्थ कुमटिया, ज्योति चुफाल भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
